कोलकाता: भवानीपुर और कोलकाता बंदर विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्रा के दौरान अभूतपूर्व जनसमागम देखकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अभिभूत हो गईं। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि आम लोगों की स्वस्फूर्त भागीदारी और उत्साह यह साबित करता है कि बंगाल की जनता लोकतंत्र के पक्ष में है और सभी षड्यंत्र विफल होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भवानीपुर विधानसभा के गोपालनगर मोड़ से परमहंसदेव मोड़ तथा कोलकाता बंदर विधानसभा के हरिसभा स्ट्रीट क्रॉसिंग से कार्ल मार्क्स सरणी तक की पदयात्रा में उन्होंने विशाल जनसैलाब देखा। सड़कों के दोनों ओर खड़े लोगों की भावनाएं और कार्यकर्ताओं का उत्साहपूर्ण समर्थन उन्हें गहराई से प्रभावित कर गया।
उन्होंने आगे कहा कि यह जनसमागम स्पष्ट संकेत देता है कि बंगाल विरोधी ताकतों की कोई भी साजिश सफल नहीं होगी और अंततः जीत जनता की ही होगी। उनके अनुसार, सौहार्दपूर्ण बंगाल में विकास की यात्रा को आगे बढ़ाने और संस्कृति व परंपरा की रक्षा के लिए लोग एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस पर विश्वास जता रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि महानगर के जागरूक नागरिकों का यह समर्थन तृणमूल कांग्रेस की विचारधारा के प्रति उनके अटूट विश्वास को दर्शाता है। अंत में उन्होंने “जय बंगाल” का नारा देते हुए लोगों से पार्टी के समर्थन को बनाए रखने की अपील की।










