केन्द्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने नाम्ची जिले का तीन दिवसीय दौरा संपन्न किया

FB_IMG_1778700342915

विकास कार्यों की समीक्षा

गान्टाेक: ​भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की केन्द्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने नाम्ची जिले का अपना तीन दिवसीय औपचारिक दौरा सफलतापूर्वक संपन्न किया। इस भ्रमण के दौरान उन्होंने जिले के विभिन्न स्थानों का दौरा किया और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत चल रहे विकासात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। केन्द्रीय मंत्री ने जिलेभर में कार्यान्वित विकास परियोजनाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और योजनाओं के लाभार्थियों से प्रत्यक्ष संवाद कर कल्याणकारी पहलों की प्रगति का मूल्यांकन किया। सिद्धेश्वर धाम के दर्शन के पश्चात हर्राबोटे पहुँचने पर एसडीएम बीबी राय और पंचायत सदस्यों ने उनका भव्य स्वागत किया, जहाँ उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत नवनिर्मित सड़क का निरीक्षण कर उसकी गुणवत्ता जाँची।
​अपने दौरे के अगले चरण में केन्द्रीय राज्यमंत्री ने राज्य ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान का भ्रमण किया और वहाँ उपस्थित प्रशिक्षार्थियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने महिला सशक्तिकरण की महत्ता पर विशेष बल देते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के योगदान की सराहना करते हुए उन्होंने राजनीति में आने से पूर्व इन समूहों के साथ अपने व्यक्तिगत अनुभवों को भी साझा किया। इसके उपरांत उन्होंने जोरेथाङ स्थित वन स्टॉप सेंटर (OSC) का दौरा कर वहां की बुनियादी सुविधाओं और परिचालन क्षमता का जायजा लिया। इस पूरे भ्रमण के दौरान उनके साथ विधायक मदन सिंचुरी, जिलाधिकारी अनुपा तामलिंग और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

About Author

Advertisement