नई दिल्ली: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या की अपनी पुरानी टीम गुजरात टाइटंस में वापसी को लेकर चल रही बातचीत कप्तानी की शर्त के कारण रद्द हो गई है। सूत्रों के अनुसार, गुजरात फ्रेंचाइजी उन्हें टीम में शामिल करने के लिए तैयार थी और मौजूदा कप्तान शुभमन गिल ने भी इस पर सहमति जताई थी। हालांकि, जब हार्दिक ने कप्तानी दोबारा खुद को सौंपने की शर्त रखी, तो मैनेजमेंट ने इसे सिरे से खारिज कर दिया।
गुजरात टाइटंस के अधिकारियों ने इस मामले पर मीडिया से कोई टिप्पणी नहीं की है। दूसरी ओर, हार्दिक के प्रवक्ता का कहना है कि हार्दिक ने ट्रेड को लेकर किसी भी फ्रेंचाइजी से सीधे बात नहीं की है और यदि कोई बातचीत हुई है, तो वह सीधे मुंबई इंडियंस के स्तर पर ही हुई होगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले सीजन में १४ में से १० मुकाबले हारकर अंक तालिका में ९वें स्थान पर रहने के बाद मुंबई इंडियंस में भी हार्दिक के भविष्य को लेकर असमंजस का माहौल बना हुआ है। लगातार खराब प्रदर्शन के चलते मुंबई इंडियंस का मैनेजमेंट अब हार्दिक को कप्तानी से हटाने पर विचार कर रहा है।









