पूर्व विधायकों का चिकित्सा भत्ता बढ़ा
कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधायकों और पूर्व विधायकों के कल्याण से जुड़ी दो महत्वपूर्ण घोषणाएं की। राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आम नागरिकों को सामाजिक व प्रशासनिक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “नेताजी सुभाष चंद्र बोस सेवा केंद्र” स्थापित किए जाएंगे।
इन सेवा केंद्रों के सुचारू संचालन और दैनिक प्रबंधन के लिए विधायकों को प्रति माह ३०,००० रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। हालांकि, इस वित्तीय सहायता का लाभ उठाने के लिए सेवा केंद्रों में राज्य के सूचना एवं संस्कृति विभाग द्वारा स्वीकृत नेताजी की पारंपरिक परिधान (धोती-पंजाबी) वाली तस्वीर लगाना अनिवार्य किया गया है।
इसके साथ ही, राज्य सरकार ने पूर्व विधायकों की आर्थिक सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उनके चिकित्सा भत्ते में बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। इसके तहत पूर्व विधायकों को मिलने वाले मासिक चिकित्सा भत्ते को ६,००० रुपये से बढ़ाकर १०,००० रुपये प्रति माह (यानी ४,००० रुपये की वृद्धि) करने का प्रस्ताव रखा गया है। इस व्यवस्था को औपचारिक रूप से लागू करने के लिए जल्द ही विधानसभा में संशोधन विधेयक पेश किया जाएगा।









