पश्चिम बंगाल में पहला ‘सेल्सफोर्स सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित होगा
कोलकाता: एडामस यूनिवर्सिटी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित तकनीक और उद्योग-अनुकूल कार्यबल तैयार करने के उद्देश्य से सेल्सफोर्स के साथ एक रणनीतिक साझेदारी की है। इस समझौते के तहत यूनिवर्सिटी में पश्चिम बंगाल का पहला ‘सेल्सफोर्स एकेडेमिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्थापित किया जाएगा।
यह पहल छात्रों को अनुभव-आधारित शिक्षण, उद्योग-मान्यता प्राप्त प्रमाणन (सर्टिफिकेशन) और व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से एआई-केंद्रित भविष्य के लिए तैयार करने का लक्ष्य रखती है।
साझेदारी के माध्यम से यूनिवर्सिटी के छात्रों और फैकल्टी को एजेंटफोर्स, एजेंटफोर्स ३६० प्लेटफॉर्म, टेब्ल्यू और डाटा ३६० जैसी सेल्सफोर्स की अत्याधुनिक तकनीकों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। इन विषयों को पाठ्यक्रम में शामिल करके छात्रों को एआई-पावर्ड एप्लीकेशन विकसित करने, एंटरप्राइज वर्कफ़्लो तैयार करने, विश्लेषणात्मक डैशबोर्ड बनाने और वास्तविक व्यावसायिक चुनौतियों का समाधान करने का कौशल सिखाया जाएगा।
इसी तरह, फैकल्टी सदस्यों के लिए सेल्सफोर्स ‘फैकल्टी डेवलपमेंट’ और ‘ट्रेन-द-ट्रेनर’ कार्यक्रम संचालित करेगा, जो कक्षा की शिक्षा को आधुनिक उद्योग के सर्वोत्तम अभ्यासों से जोड़ने में मदद करेगा। सेल्सफोर्स के ‘ट्रेलहेड’ प्लेटफॉर्म के माध्यम से छात्र विश्व स्तर पर मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी।
साझेदारी के बारे में बात करते हुए सेल्सफोर्स (दक्षिण एशिया) की अध्यक्ष और सीईओ अरुंधति भट्टाचार्य ने कहा, “एआई का युग केवल तकनीक से नहीं, बल्कि इसे जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने वाले टैलेंट की गुणवत्ता से तय होगा। एडामस यूनिवर्सिटी के साथ हमारा सहयोग भारत के एआई टैलेंट इकोसिस्टम को मजबूत करने की सेल्सफोर्स की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
इसी प्रकार, एडामस यूनिवर्सिटी के चांसलर प्रोफेसर (डॉ.) समित रॉय ने कहा कि यह सहयोग शिक्षा क्षेत्र और उद्योग के बीच की दूरी को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। “हमारा लक्ष्य छात्रों को न केवल आज के लिए, बल्कि कल के अवसरों के लिए भी तैयार करना है। सेल्सफोर्स के साथ यह सहयोग हमारे छात्रों को डिजिटल अर्थव्यवस्था में सफल होने के लिए आवश्यक कौशल और आत्मविश्वास प्रदान करेगा,” रॉय ने कहा।
सन २०१४ में स्थापित एडामस यूनिवर्सिटी पश्चिम बंगाल के बारसात में स्थित है, जबकि सेल्सफोर्स वैश्विक स्तर पर एआई और ग्राहक संबंध प्रबंधन (सीआरएम) तकनीक में अग्रणी माना जाता है।









