उपराष्ट्रपति द्वारा लेह स्थित महाबोधि अंतर्राष्ट्रीय ध्यान केंद्र का दौरा

FB_IMG_1782053812643

शिक्षा, स्वास्थ्य और सेवा भाव की उच्च सराहना

​लेह(लद्दाख): भारत के उपराष्ट्रपति ने लद्दाख के लेह स्थित देवाचन कैंपस में प्रतिष्ठित महाबोधि अंतर्राष्ट्रीय ध्यान केंद्र और ‘बुद्ध पार्क ऑफ पीस’ का दौरा किया। इस यात्रा के दौरान उन्होंने सामाजिक परिवर्तन, शिक्षा और मानवीय सेवा के क्षेत्र में केंद्र द्वारा किए जा रहे कार्यों की जमकर सराहना की।
​भ्रमण के बाद, उपराष्ट्रपति ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (फेसबुक) पर इस यात्रा की खूबसूरत तस्वीरें साझा कीं और महाबोधि केंद्र के सेवा भाव के प्रति गहरा संतोष और प्रसन्नता व्यक्त की।
​करुणा और निस्वार्थ सेवा का अनूठा उदाहरण
उपराष्ट्रपति ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “आज लेह के देवाचन कैंपस स्थित महाबोधि अंतर्राष्ट्रीय ध्यान केंद्र और ‘बुद्ध पार्क ऑफ पीस’ का दौरा किया। लद्दाख में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक कल्याण, पर्यावरणीय स्थिरता, और योग तथा ध्यान के प्रचार-प्रसार में इस केंद्र के उल्लेखनीय योगदान से मैं अत्यंत प्रभावित हुआ हूँ।”
​उन्होंने आगे कहा, “इस पूरे परिसर में व्याप्त करुणा, निस्वार्थ सेवा, सद्भाव और समावेशी भावना वास्तव में अत्यंत प्रेरणादायक है।”
​तस्वीरों में दिखे विशेष पल
सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों में उपराष्ट्रपति को केंद्र के संस्थापक पूज्य भिक्षु संघसेन और अन्य पदाधिकारियों द्वारा पारंपरिक ‘खाता’ (स्कार्फ) पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत करते हुए देखा जा सकता है। अन्य तस्वीरों में उपराष्ट्रपति वहां पढ़ रहे बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत करते और ‘बुद्ध पार्क ऑफ पीस’ के शांत वातावरण के बीच केंद्र की विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन करते नजर आ रहे हैं।
​लद्दाख के दूरदराज के क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बौद्ध दर्शन को बढ़ावा देने के साथ-साथ दुनिया भर में शांति का संदेश फैलाने में महाबोधि केंद्र लंबे समय से अग्रणी भूमिका निभा रहा है, जिसे उपराष्ट्रपति की इस यात्रा और उनकी सराहना ने और अधिक गरिमा प्रदान की है।

About Author

Advertisement