उथप्पा, कुलकर्णी, मैक्लेनाघन और टी दिलीप मुंबई इंडियंस के कोचिंग स्टाफ में शामिल

IMG-20261031-WA0053

​नई दिल्ली: आईपीएल २०२७ से पहले मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव करते हुए रॉबिन उथप्पा, मिचेल मैक्लेनाघन, टी दिलीप और धवल कुलकर्णी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पांच बार की चैंपियन टीम २०२६ सीजन में प्लेऑफ तक पहुंचने से चूकने के बाद एक नई शुरुआत करने की कोशिश कर रही है और ये चारों मुख्य कोच कीरोन पोलार्ड के साथ मिलकर काम करेंगे।
​फ्रेंचाइजी ने उथप्पा को बल्लेबाजी कोच, मैक्लेनाघन को गेंदबाजी कोच, दिलीप को क्षेत्ररक्षण (फील्डिंग) कोच और कुलकर्णी को डेवलपमेंट गेंदबाजी कोच नियुक्त किया है। दिलचस्प बात यह है कि ये चारों खिलाड़ी पहले भी मुंबई इंडियंस का हिस्सा रह चुके हैं और अब नई भूमिकाओं में फ्रेंचाइजी में वापसी कर रहे हैं।
​मुंबई इंडियंस ने हाल ही में गेंदबाजी कोच लसिथ मलिंगा और पारस म्हाम्ब्रे के साथ-साथ क्षेत्ररक्षण कोच कार्ल हॉपकिंस से अलग होने की पुष्टि की थी। यह फेरबदल माहेला जयवर्धने को मुख्य कोच के पद से हटाए जाने के बाद हुआ है। माहेला से नाता तोड़ने के बाद फ्रेंचाइजी ने पहले बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी निभा रहे कीरोन पोलार्ड को मुख्य कोच नियुक्त किया था।
​उथप्पा लगभग २ दशक बाद मुंबई फ्रेंचाइजी में वापस आए हैं, जिन्होंने २००८ के पहले संस्करण में इस टीम का प्रतिनिधित्व किया था और १४ मैचों में ३२० रन बनाए थे। इसके बाद उन्होंने २०२१ और २०२२ में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेला था और अपने पहले ही सीजन में टीम को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। भारत के पूर्व बल्लेबाज ने अपने आईपीएल करियर में २०५ मैच खेलकर ४९५२ रन बनाए। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हुए २०१४ के सीजन में ६६० रन बनाकर ऑरेंज कैप जीती थी। वह २००७ में टी२० विश्व कप विजेता भारतीय टीम के हिस्सा रहे थे।
​इसी तरह मैक्लेनाघन २०१५ से २०१९ के बीच मुंबई इंडियंस में गेंदबाजी आक्रमण के प्रमुख स्तंभ रहे थे। उन्होंने आईपीएल में ५६ मैच खेलकर ७१ विकेट लिए थे। न्यूजीलैंड के इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने खिलाड़ी के रूप में २०१५, २०१७ और २०१९ में टीम को ३ बार चैंपियन बनाने में योगदान दिया था। इसके बाद २०२० में चैंपियन बनने वाली मुंबई इंडियंस टीम में भी वह शामिल थे।
​वहीं धवल कुलकर्णी ने २००८ से २०१३ और बाद में २०२० से २०२१ तक दो अलग-अलग चरणों में मुंबई का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने ९२ आईपीएल मैचों में ८६ विकेट लिए। अब नई भूमिका में उन पर युवा भारतीय गेंदबाजों का मार्गदर्शन करने की जिम्मेदारी रहेगी।
​टी दिलीप भारतीय पुरुष टीम के साथ अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद मुंबई इंडियंस में शामिल हो रहे हैं क्योंकि बीसीसीआई ने उनके अनुबंध को जारी न रखने का फैसला किया है। भारतीय टीम के साथ अपने कार्यकाल के दौरान वह २०२४ और २०२६ के टी२० विश्व कप तथा २०२५ की चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली कोचिंग टीम का हिस्सा रहे। अब वह मुंबई के क्षेत्ररक्षण विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।

About Author

Advertisement