सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल की शहरी विकास एवं नगर मामले मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने उत्तर बंगाल के विभिन्न नगर निगमों और नगरपालिकाओं के आयुक्तों तथा प्रशासकों के साथ सिलीगुड़ी में एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में शहरी विकास, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, कचरा प्रबंधन और ट्रैफिक नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा की गई।
बैठक के बाद आयोजित पत्रकार वार्ता में मंत्री पॉल ने लिए गए मुख्य निर्णयों और भावी योजनाओं की जानकारी दी:
स्मार्ट और पहाड़ी शहरों का विकास: कूचबिहार को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की पहल शुरू की गई है। इसके अलावा सिलीगुड़ी, दार्जिलिंग, कर्सियांग, कालिम्पोंग और मिरिक को विशेष पहाड़ी शहरों (हिल सिटी) के रूप में विकसित किया जाएगा।
आधुनिक बस स्टैंड: राज्य भर में यात्रियों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था और वाटर वेंडिंग मशीनों से युक्त आधुनिक बस स्टैंडों का निर्माण किया जाएगा।
प्लास्टिक प्रतिबंध और विकल्प: आगामी ०१ सितंबर से राज्य भर में प्रतिबंधित प्लास्टिक और प्लास्टिक कैरी बैग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। आम जनता को किफ़ायती दरों पर पर्यावरण-अनुकूल बैग उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न बाजारों में ‘बैग वेंडिंग मशीनें’ लगाई जाएंगी।
पेयजल समस्या का समाधान: दार्जिलिंग की दीर्घकालिक पेयजल समस्या को हल करने के लिए तेजी से काम चल रहा है और जून २०२७ तक राज्य में कहीं भी पेयजल की समस्या नहीं रहेगी।
सड़क पर कचरा फेंकने पर कार्रवाई: सड़कों पर कचरा फेंकने या बालू-गिट्टी जैसी निर्माण सामग्रियां लावारिस छोड़ने वालों पर पुलिस के माध्यम से कड़ा जुर्माना लगाया जाएगा।
पार्किंग की नई व्यवस्था: पूरे पश्चिम बंगाल में एक विनियमित और आधुनिक पार्किंग व्यवस्था लागू करने की योजना बनाई गई है।











