हत्या की साजिशों और परमाणु कार्यक्रम पर दी सीधी चेतावनी
नयी दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि वह इस समय ईरान की किल लिस्ट में पहले स्थान पर हैं, लेकिन वह ऐसी धमकियों से पीछे हटने वाले नहीं हैं। अंकारा में नाटो शिखर सम्मेलन के बाद आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ट्रंप ने आशंका जताई कि ईरान उनकी हत्या की बड़ी साजिश रच रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह ईरान के सबसे बड़े निशाने पर हैं और यह बात पूरी दुनिया में फैली हुई है, परंतु उन्हें इसका कोई मलाल नहीं है क्योंकि वह सिर्फ अमेरिकी जनता के लिए अपना काम कर रहे हैं। ट्रंप ने ईरानी शीर्ष नेतृत्व पर तंज कसते हुए कहा कि उनके पुराने नेता जा चुके हैं और अब जो नेताओं का नया समूह आया है, वे भी कभी भी हटाए जा सकते हैं।
ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अमेरिका द्वारा की गई पिछली सैन्य कार्रवाइयों का पुरजोर समर्थन किया और इसे एक बहुत बड़ी सैन्य कामयाबी करार दिया। उन्होंने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया कि उनके रहते ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु बम बनाने की अनुमति नहीं दी जा सकती और अमेरिका ने ईरान को परमाणु हथियारों से पूरी तरह मुक्त कर दिया है। ईरान के आर्थिक संकट पर निशाना साधते हुए ट्रंप ने दावा किया कि जब यह टकराव शुरू हुआ था तब ईरान में महंगाई दर महज पांच से छह प्रतिशत के आसपास थी, जो अब बढ़कर तीन सौ पचास प्रतिशत के पार पहुंच चुकी है। उन्होंने ईरानी सर्वोच्च नेता खामेनेई पर वर्षों से कई बेगुनाहों को मरवाने का आरोप लगाया और विश्वास जताया कि यदि भविष्य में ईरान के साथ कोई तनाव भड़कता भी है, तो वह बेहद कम समय के लिए होगा।










