नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया दौरे के दौरान सामने आई एक तस्वीर को लेकर भारत में सियासी पारा पूरी तरह चढ़ गया है। दौरे के आखिरी दिन इंडोनेशियाई संसद की ‘हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स’ की स्पीकर पुआन महारानी के साथ पीएम मोदी की एक शिष्टाचार मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात की तस्वीर को मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर साझा करते हुए एक विवादित और तीखा कमेंट कर दिया, जिसके बाद सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग छिड़ गई।
कांग्रेस की इस टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए इसे महिलाओं के प्रति घृणित और छोटी मानसिकता का उदाहरण बताया है। भाजपा का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के प्रधानमंत्री और एक महिला विदेशी राजनयिक की शिष्टाचार भेंट को इस तरह के राजनीतिक चश्मे से देखना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इस विवाद में विपक्ष की प्रमुख नेता और शिवसेना (यूबीटी) की सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी अपनी सहयोगी पार्टी कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि अपने राजनीतिक विरोधियों को घेरने के लिए महिलाओं को महज एक ‘वस्तु’ की तरह इस्तेमाल करना बंद किया जाना चाहिए और सार्वजनिक मंचों पर गरिमा बनाए रखनी चाहिए।










