कछार: अगरतला से असम के कछार जिला मुख्यालय शहर सिलचर की ओर जा रही एक ट्रेन में सोमवार को एक महिला ने चलती ट्रेन में ही शिशु को जन्म दिया। इस दौरान ट्रेन में सवार एक अन्य महिला यात्री ने ‘देवदूत’ की भूमिका निभाते हुए प्रसूता की मदद की और सुरक्षित प्रसव कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार, यात्रा के दौरान अचानक महिला को प्रसव पीड़ा (लेबर पेन) शुरू हो गई। इस आपातकालीन स्थिति को देखते हुए एक सहयात्री महिला तुरंत मदद के लिए आगे आई, जिसके फलस्वरूप मां और नवजात बच्ची दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे के अधिकारी तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचे और सहायता प्रदान की। इसके बाद मां-बेटी दोनों को सुरक्षित रूप से अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सा उपलब्ध कराई गई।

बताया गया है कि मां और नवजात बच्ची दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। दूसरी ओर, संकट के समय मानवीय संवेदनशीलता और साहस का परिचय देने वाली उस महिला यात्री की अन्य यात्रियों और रेलवे अधिकारियों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।









