ब्यूनस आयर्स: अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर और पूर्व कप्तान एंटोनियो उबाल्डो रेटीन का ८९ साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से अर्जेंटीना सहित पूरे फुटबॉल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। रेटीन की गिनती देश के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर्स और कप्तानों में होती थी। उन्होंने १९५९ से १९६९ तक अर्जेंटीना राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने १९६२ और १९६६ के वर्ल्ड कप में भी हिस्सा लिया था। अर्जेंटीना फुटबॉल महासंघ (एएफए) ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एएफए द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि अर्जेंटीना फुटबॉल महासंघ अपने अध्यक्ष क्लाउडियो टैपिया के माध्यम से एंटोनियो उबाल्डो रेटीन के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करता है। वह अर्जेंटीना राष्ट्रीय टीम के इतिहास के सबसे बड़े प्रतीकों में से एक और अर्जेंटीना फुटबॉल के आइकन थे, जिनका ८९ साल की उम्र में निधन हो गया।
रेटीन ने अपना पूरा करियर ब्यूनस आयर्स के क्लब बोका जूनियर्स में बिताया। उन्होंने वहां १९५६ से १९७० तक ३८२ मैच खेलकर २८ गोल किए। इस दौरान उन्होंने चार लीग खिताब जीते और १९६३ में टीम को कोपा लिबर्टाडोरेस के फाइनल में पहुंचाया। खिलाड़ी के रूप में रिटायर होने के बाद, राजनीति में आने से पहले उन्होंने बोका जूनियर्स क्लब में कोच (प्रशिक्षक) के रूप में भी काम किया था।









