अरुणाचल के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और केंद्रीय मंत्रियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण

5e497398-48cf-4f21-8313-61de184911e2

पीड़ित परिवारों को बंधाया ढाढस, राहत कार्य तेज करने के निर्देश

ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने केंद्रीय मंत्रियों शिवराज सिंह चौहान और किरेन रिजिजू के साथ पोसा स्थित नॉर्थ ईस्टर्न इलेक्ट्रिक पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड(नीपको) कॉलोनी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और वहां स्थापित राहत शिविरों का जमीनी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री खांडू के आधिकारिक फेसबुक पेज के माध्यम से साझा की गई जानकारी के अनुसार, इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर तीनों नेताओं ने राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। आपदा में जान गंवाने वाले नागरिकों के प्रति गहरा दुख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में केंद्र और राज्य सरकार पीड़ितों के साथ मजबूती से खड़ी है।
​निरीक्षण के दौरान नेताओं ने लापता नागरिकों की तलाश के लिए जारी खोज अभियान को और तेज करने तथा राहत शिविरों में रह रहे परिवारों के लिए भोजन, चिकित्सा और अन्य आवश्यक सामग्रियों की त्वरित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश स्थानीय प्रशासन को दिए। मुख्यमंत्री खांडू ने कहा कि इस कठिन समय में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और जो परिवार अब भी लापता लोगों की खबर का इंतजार कर रहे हैं, सरकार उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है और हर प्रभावित परिवार की हर संभव मदद और पुनर्वास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

About Author

Advertisement