डूरंड कप के १३५वें संस्करण का कार्यक्रम घोषित

28784f01-d208-442a-9722-7707a9da2ba6

​नयी दिल्ली: दुनिया के तीसरे सबसे पुराने और एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप के १३५वें संस्करण के कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है। इस बार २४ टीमें पांच मेजबान शहरों—कोलकाता, रांची, इंफाल, शिलांग और गुवाहाटी में खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगी। टूर्नामेंट की शुरुआत २५ जुलाई से होगी और फाइनल मुकाबला २३ अगस्त को कोलकाता में खेला जाएगा। उद्घाटन मैच और फाइनल दोनों विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (साल्ट लेक स्टेडियम) में आयोजित किए जाएंगे।
​डूरंड कप की आयोजन समिति ने बुधवार को टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली सभी टीमों और मेजबान शहरों के कार्यक्रम की घोषणा की। इस बार भी टूर्नामेंट में इंडियन सुपर लीग (आईएसएल), आई-लीग, सर्विसेज टीमों और विदेशी सैन्य टीमों की भागीदारी देखने को मिलेगी। इस संस्करण में ७ टीमें पहली बार डूरंड कप में हिस्सा लेंगी। इनमें श्रीलंका सशस्त्र बलों की डिफेंडर्स एफसी, मेघालय प्रीमियर लीग चैंपियन नोंगकेस स्पोर्ट्स, सोशल एंड कल्चरल क्लब, बागपत एफसी, समलेश्वरी स्पोर्टिंग, एफसी रैंगदाई और मुंबे एफसी शामिल हैं।
​साल २०१९ से डूरंड कप का प्रमुख मेजबान रहा कोलकाता इस बार भी टूर्नामेंट का केंद्र होगा। शहर में दो ग्रुप चरण के मैचों के अलावा उद्घाटन मैच, दो क्वार्टर फाइनल, एक सेमीफाइनल और फाइनल खेला जाएगा। सभी मैच विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन और किशोर भारती क्रीड़ांगन में खेले जाएंगे। इसके अलावा इंफाल, शिलांग, गुवाहाटी और रांची में भी मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

About Author

Advertisement