नई दिल्ली: अमेरिकी ओपन के आयोजकों ने स्विट्जरलैंड के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर के एंडी रडिक के खिलाफ प्रदर्शनी मैच में हिस्सा लेने की पुष्टि की है। यह मैच एक सेट का होगा क्योंकि फ्लशिंग मीडोज में आयोजित होने वाले इस खास रात के कार्यक्रम में टेनिस के कई दिग्गज हिस्सा लेंगे। फेडरर और रडिक के बीच एक सेट के मैच के बाद पुरुष युगल मैच खेला जाएगा। पुरुष युगल में फेडरर ४ बार के अमेरिकी ओपन चैंपियन जॉन मैकेनरॉ के साथ जोड़ी बनाकर खेलेंगे, जबकि प्रतिद्वंद्वी के रूप में रडिक और २ बार के अमेरिकी ओपन विजेता आंद्रे अगासी की जोड़ी होगी।
साल के चौथे तथा अंतिम ग्रैंड स्लैम अमेरिकी ओपन के आयोजकों द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि केवल एक रात के लिए, लगातार ५ बार के अमेरिकी ओपन चैंपियन और टेनिस के दिग्गज रोजर फेडरर न्यूयॉर्क लौट रहे हैं। वह मंगलवार (२५ अगस्त) को आर्थर ऐश स्टेडियम में फ्लडलाइट्स के नीचे एक खास प्रदर्शनी मैच में हिस्सा लेंगे। वह २००३ के अमेरिकी ओपन चैंपियन और अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी एंडी रडिक के साथ-साथ टेनिस के अन्य दिग्गजों तथा अमेरिकी ओपन चैंपियन आंद्रे अगासी और जॉन मैकेनरॉ के साथ खेलेंगे।
उल्लेखनीय है कि २०२२ में टेनिस से संन्यास लेने वाले फेडरर अमेरिकी ओपन के इतिहास में सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने फ्लशिंग मीडोज में ५ बार खिताब जीता है। ओपन एरा में यह रिकॉर्ड पीट सम्प्रास और जिमी कॉनर्स के नाम संयुक्त रूप से दर्ज है। फेडरर अमेरिकी ओपन में २००४ से २००८ तक लगातार ५ साल चैंपियन रहे थे।
इसी तरह रडिक ने २००३ में जुआन कार्लोस फेरेरो को पराजित कर अमेरिकी ओपन का खिताब जीता था। ग्रैंड स्लैम मैचों में उनका फेडरर से ८ बार मुकाबला हुआ था, लेकिन हर बार स्विस दिग्गज ने जीत हासिल की थी। मैकेनरॉ ने अपने करियर में ७ ग्रैंड स्लैम खिताब जीते थे और न्यूयॉर्क में वह ४ बार चैंपियन रहे थे। उन्होंने १९७९, १९८०, १९८१ और १९८४ में अमेरिकी ओपन का खिताब जीता था। अगासी ने अपने करियर में ८ मेजर खिताब जीते, जिसमें वह १९९४ और १९९९ में अमेरिकी ओपन विजेता रहे थे। अमेरिकी ओपन २०२६ की शुरुआत सोमवार को क्वालीफाइंग राउंड और मिक्स्ड डबल्स के साथ होगी, जबकि मुख्य ड्रॉ ३० अगस्त से शुरू होगा।









