नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में करीब ५० साल बाद नई तेल रिफाइनरी स्थापित होने का दावा किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि इस परियोजना में भारत की निजी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज भी निवेश करेगी।
ट्रंप के अनुसार लगभग ३०० अरब डॉलर की लागत से बनने वाली यह परियोजना पोर्ट ऑफ ब्राउन्सविल में बनाई जाएगी।
इस रिफाइनरी का निर्माण अमेरिका फर्स्ट रिफाइनिंग नामक कंपनी करेगी। ट्रंप ने इसे अमेरिका के इतिहास के सबसे बड़े निवेशों में से एक बताया है।
उनके मुताबिक यह परियोजना अमेरिकी ऊर्जा उत्पादन को मजबूत करेगी, दक्षिण टेक्सास क्षेत्र में हजारों नई नौकरियां पैदा करेगी और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा निर्यात को भी बढ़ावा देगी।
पोर्ट ऑफ ब्राउन्सविल अमेरिका के गल्फ कोस्ट क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण बंदरगाह माना जाता है, जहां से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति का विस्तार होने की उम्मीद है।










