कोलकाता: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, २१ जून रविवार को कोलकाता पहुंच रहे हैं। उनका यह दौरा भले ही कुछ घंटों का हो, लेकिन इस दौरान वे महानगर के दो बेहद महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे को देखते हुए प्रशासन, पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने चाक-चौबंद तैयारियां की हैं। रेड रोड से लेकर श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट और एयरपोर्ट तक सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।पहला कार्यक्रम रेड रोड पर:प्रधानमंत्री का पहला कार्यक्रम कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह ६:२५ बजे समारोह स्थल पहुंचेंगे। यहां वे योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों के साथ योग क्रियाएं करेंगे। प्रधानमंत्री की मौजूदगी को देखते हुए रेड रोड और आसपास के इलाकों में विशेष सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। कार्यक्रम के समापन के बाद वे सुबह ७:५० बजे वहां से प्रस्थान करेंगे।श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट में दूसरा कार्यक्रम:योग दिवस समारोह के बाद प्रधानमंत्री का अगला पड़ाव श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट होगा। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह ९:१५ बजे पोर्ट परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। यहां वे विभिन्न गतिविधियों और विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। बंदरगाह क्षेत्र में भी सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। प्रधानमंत्री करीब एक घंटे तक कार्यक्रम में रहने के बाद सुबह १०:२० बजे वहां से रवाना होंगे।हेलीपैड से एयरपोर्ट और फिर दिल्ली रवानगी:पोर्ट से निकलने के बाद प्रधानमंत्री सुबह १०:३५ बजे आरसीटीसी हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए वे नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, सुबह ११:०० बजे उनका विमान पश्चिम बंगाल से दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। प्रधानमंत्री के इस दौरे को देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि सभी कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।










