जयवर्धने की विदाई के बाद मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच नियुक्त हुए पोलार्ड

IMG-20261024-WA0042

​मुंबई: मुंबई इंडियंस ने कायरन पोलार्ड को टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। वेस्ट इंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर पोलार्ड फ्रैंचाइज़ी में माहेला जयवर्धने का स्थान लेंगे, जिन्होंने हाल ही में पद से इस्तीफा दिया था। पोलार्ड लंबे समय से मुंबई इंडियंस फ्रैंचाइज़ी में रहे हैं और उन्होंने खिलाड़ी के रूप में टीम को कई बार चैंपियन बनाने में योगदान दिया है। अब वे मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच के रूप में ज़िम्मेदारी संभालेंगे। वर्ष २०१० से २०२२ तक आईपीएल में पोलार्ड ने खिलाड़ी के रूप में मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व किया। इस दौरान उन्होंने १८९ मैच खेलकर ३४१२ रन बनाने के साथ ही ६९ विकेट भी लिए। वे उन सभी पाँचों सीज़न में टीम के हिस्सा थे, जब मुंबई इंडियंस ने आईपीएल ख़िताब जीता था। पोलार्ड २०१३, २०१५, २०१७, २०१९ और २०२० की ख़िताबी जीत में मुंबई इंडियंस के हिस्सा थे। २०२२ सीज़न के बाद उन्होंने मुंबई इंडियंस में बल्लेबाजी कोच की ज़िम्मेदारी संभाली थी। फ्रैंचाइज़ी में नई भूमिका की घोषणा के बाद पोलार्ड ने कहा, मुंबई इंडियंस में नए मुख्य कोच की ज़िम्मेदारी संभालना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है। मुंबई इंडियंस मेरे जीवन और करियर का एक बड़ा हिस्सा रहा है। इस टीम, खिलाड़ियों और `मुंबई पलटन’ के साथ मेरा एक अलग जुड़ाव है, जो मेरे लिए महत्त्वपूर्ण रहा है। एक खिलाड़ी और बाद में एक कोच के रूप में इस यात्रा का अनुभव करने के बाद मुंबई इंडियंस किस चीज़ का प्रतिनिधित्व करती है और इस सुनहरी जर्सी का प्रतिनिधित्व करने के साथ आने वाली ज़िम्मेदारियों के बारे में मुझे अच्छी तरह से पता है। मैं खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ मिलकर काम करने, टीम की विरासत को आगे बढ़ाने और प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ टीम को खुशियाँ मनाने का मौका देने के लिए उत्सुक हूँ। उल्लेखनीय है कि ५ बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस का पिछले कुछ सीज़न से प्रदर्शन आशानुरूप नहीं रहा है। इस प्रतिष्ठित टी२० लीग में फ्रैंचाइज़ी २०२३ और २०२५ के सीज़न में प्लेऑफ़ में स्थान नहीं बना सकी थी। इसी तरह २०२४ और २०२६ सीज़न में टीम क्रमशः दसवें और नौवें स्थान पर रही थी। आईपीएल की सबसे सफल टीमों में शामिल मुंबई इंडियंस अब नए मुख्य कोच के साथ नई शुरुआत करना चाहती है। मुंबई इंडियंस की सह-मालिक नीता अंबानी ने कहा है, पोलार्ड २२ साल की युवा उम्र में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे और पिछले १६ सालों से वे हमारे परिवार का एक अभिन्न हिस्सा बने हुए हैं। एक खिलाड़ी के रूप में उन्होंने हमें कई अविश्वसनीय क्षण दिए। एक कोच के रूप में वे खेल के प्रति अपने अनुभव, जुनून और गहरी जानकारी को साझा करते हैं। अब वे मुख्य कोच की ज़िम्मेदारी संभाल रहे हैं, यह बेहद खुशी की खबर है। मुंबई इंडियंस की जर्सी पहनने का अर्थ और इस टीम के लिए खेलने के लिए कैसी मानसिकता की आवश्यकता होती है, यह पोलार्ड को भली-भाँति पता है। अब वे इस भूमिका में भी उसी प्रतिबद्धता, विश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आएँगे, इसका हमें पूर्ण भरोसा है।

About Author

Advertisement