मेदवेदेव और सितसिपास अल्माटी ओपन के सेमीफाइनल में

IMG-20261024-WA0053

​अल्माटी (कजाकिस्तान): अल्माटी ओपन २०२६ में रूस के स्टार टेनिस खिलाड़ी दानिल मेदवेदेव ने अपने खिताब की रक्षा के अभियान को आगे बढ़ाते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। एटीपी २५० स्तर के इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में मेदवेदेव ने फ्रांस के टेरेंस एटमाने को सीधे सेटों में ६-४, ६-४ से पराजित किया।
​मेदवेदेव ने पूरे मैच में असाधारण सर्विस और शक्तिशाली शॉट्स का प्रदर्शन किया। उन्होंने मैच में अपनी पहली सर्विस पर बेहतरीन खेल दिखाते हुए ३४ में से ३१ अंक हासिल किए। इस प्रकार पहली सर्विस पर अंक जीतने का उनका प्रतिशत ९१ रहा। उन्होंने एटमाने की सर्विस २ बार तोड़ी और अपनी सर्विस का १ भी गेम नहीं गँवाया। मेदवेदेव ने मैच में २४ विनर्स लगाए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी केवल १४ विनर्स ही लगा सके।
​जीत के बाद मेदवेदेव ने बताया कि टेरेंस के खिलाफ मैच आसान नहीं था। उन्होंने कहा, “मैच जीतकर खुश हूँ। टेरेंस ने आज अच्छा प्रदर्शन किया। उनकी सर्विस तेज थी। इसी वजह से मैच में बने रहने के लिए मुझे बेहतरीन पासिंग शॉट्स और विनर्स लगाने पर ध्यान देना पड़ा। इस संतुलित खेल के साथ अंततः मैं मैच जीतने में सफल रहा।”
​ग्रीस के स्टार खिलाड़ी स्टेफानोस सितसिपास ने भी सेमीफाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के जेम्स डकवर्थ के खिलाफ ६-३, ६-४ से जीत दर्ज की। सितसिपास इस सीजन में अपना दूसरा एटीपी खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ खेल रहे हैं। हार्ड कोर्ट पर वह फरवरी २०२५ के बाद अपना पहला सेमीफाइनल खेलने की तैयारी में हैं।
​सेमीफाइनल में सितसिपास का मुकाबला जॉर्जिया के क्वालीफायर निकोलोज बासिलाशविली से होगा। बासिलाशविली ने क्वार्टर फाइनल में एड्रियन मनारिनो को ६-३, ६-१ से शिकस्त दी।
​मेदवेदेव के लिए हार्ड कोर्ट पर यह सीजन काफी यादगार रहा है। वह ब्रिसबेन, दुबई और हांगझोऊ में खिताब जीत चुके हैं और अब उनका ध्यान सीजन का चौथा खिताब अपने नाम करने पर है। अल्माटी ओपन के सेमीफाइनल में उनका सामना तीसरी वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर बुब्लिक और पाँचवीं वरीयता प्राप्त कारेन खाचानोव के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। अल्माटी में इस जीत के साथ मेदवेदेव की साल के अंत में होने वाले एटीपी फाइनल्स में क्वालीफाई करने की संभावना भी मजबूत हो गई है।

About Author

Advertisement