कोलकाता: कोलकाता में हिंदू महासभा द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा पंडाल में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के जीवन और उनकी राजनीतिक यात्रा को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ‘नंदीग्राम से नवान्न: बुबैर जॉयजात्रा’ नाम वाले इस पूजा पंडाल में शुभेंदु अधिकारी के बचपन, राजनीति में प्रवेश, विभिन्न राजनीतिक आंदोलनों के दौरान उनके संघर्षों और अंततः मुख्यमंत्री बनने तक के सफर को मॉडल, फ्लेक्स पैनल, तस्वीरों, भित्तिचित्रों और वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) के माध्यम से दिखाया जाएगा। हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रचूड़ गोस्वामी ने बताया कि रूबी क्रॉसिंग पर आयोजित होने वाली इस पूजा के लिए काम शुरू हो चुका है, जहां अधिकारी का एक लघु चित्र और उनकी प्रमुख उपलब्धियों पर आधारित एक वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया जाएगा। पारंपरिक बंगाली ‘पटचित्र’ शैली और कलात्मक प्रस्तुतियों से सजाए जा रहे इस पंडाल को देखने के लिए दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।










