हुगली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित ‘पश्चिम बंग दिवस’ कार्यक्रम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बंगाल के इतिहास, संस्कृति और राजनीतिक बदलाव का जिक्र करते हुए उन्होंने देश के विभाजन के समय कांग्रेस की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए।
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि देश की आजादी के वक्त बंगाल को पाकिस्तान में शामिल करने की साजिश रची गई थी। उन्होंने कहा, “उस मुश्किल दौर में कांग्रेस को मजबूती से खड़ा होना चाहिए था, लेकिन पार्टी ने घुटने टेक दिए।” प्रधानमंत्री ने कहा कि इतिहास के इन घटनाक्रमों को देश कभी भुला नहीं सकता। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में अब राजनीतिक बदलाव का नया दौर शुरू हो चुका है और राज्य की जनता ने भाजपा को समर्थन देकर विकास का रास्ता चुना है।
पहली बार मनाया गया ‘पश्चिम बंग दिवस’
पश्चिम बंगाल के इतिहास में पहली बार आधिकारिक तौर पर ‘पश्चिम बंग दिवस’ का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद रहे। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बंगाल की हजारों वर्ष पुरानी विरासत, संस्कृति, साहित्य और ज्ञान परंपरा की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बंगाल ने भारत के राष्ट्र निर्माण में अद्वितीय योगदान दिया है। इस दौरान उन्होंने घनश्याम दास बिड़ला जैसे उद्योगपतियों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य के विकास में अहम भूमिका निभाई थी।
भाजपा सरकार से बदलाव का दावा
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा के आने के बाद से बंगाल में धरातल पर बदलाव दिखाई देने लगा है और राज्य अब विकास, निवेश तथा रोजगार के नए अवसरों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुशासन के कारण बंगाल कई दशक पीछे चला गया। उन्होंने कहा, “पहले जनता के संसाधनों पर घुसपैठियों का कब्जा हो गया था, जिससे आम लोगों के अधिकार कमजोर हुए।”
कांग्रेस, लेफ्ट और टीएमसी पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस, लेफ्ट और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर एकजुट होकर बंगाल को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने जनसभा में मौजूद लोगों से अपील की कि वे इतिहास की गलतियों को दोबारा न दोहराने का संकल्प लें। उन्होंने विश्वास जताया कि बंगाल का भविष्य बेहद उज्ज्वल है और राज्य देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पूरी तरह तैयार है।











