योग को दिनचर्या बनाने की पश्चिम बंगाल के मंत्री विशाल लामा की अपील
कोलकाता: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस २०२६ के पावन अवसर पर आज कोलकाता में एक भव्य और ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन संपन्न हुआ।
इस विशेष समारोह में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, माननीय राज्यपाल तथा पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस वृहद् आयोजन में हजारों नागरिकों के साथ योगाभ्यास करने के बाद मंत्री विशाल लामा ने सोशल मीडिया पर अपना संदेश साझा करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
मंत्री लामा ने कहा कि कोलकाता में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने ‘स्वस्थ और समृद्ध भारत’ के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने का काम किया है।
मंत्री विशाल लामा ने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए लिखा, “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का वास्तविक आधार है।” उन्होंने आगे कहा कि इस पावन अवसर पर हजारों लोगों के साथ सामूहिक रूप से योगाभ्यास करना उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायी रहा।

देशवासियों से आह्वान करते हुए मंत्री लामा ने अपील की, “आइए, हम सभी योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और एक स्वस्थ, सशक्त तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दें।”
कोलकाता में हुए इस सफल आयोजन और उसमें उमड़े जनसैलाब को लेकर चारों ओर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।











