सिलीगुड़ी: राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर सिलीगुड़ी में डेंगू की रोकथाम और जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम फराबाड़ी महादेव स्पोर्टिंग क्लब की पहल और एक स्वयंसेवी संगठन के सहयोग से आयोजित किया गया।
इस रैली में विभिन्न छात्र-छात्राओं सहित स्थानीय लोग भी शामिल हुए। रैली शहर की कई प्रमुख सड़कों और क्षेत्रों से होकर गुजरी और लोगों के बीच डेंगू से बचाव का संदेश फैलाया।
प्रतिभागियों ने बताया कि घरों के आसपास पानी जमा न होने देना, नियमित साफ-सफाई बनाए रखना तथा आवश्यकता अनुसार मच्छरदानी या मच्छर-रोधी साधनों का उपयोग करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि डेंगू की रोकथाम में जन-जागरूकता की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
आयोजकों ने कहा कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले डेंगू के प्रति जागरूकता फैलाना बहुत जरूरी है। ऐसे प्रयास लोगों को सतर्क करते हैं और रोग की रोकथाम में मदद करते हैं।
स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत किया और कहा कि यदि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएँ तो क्षेत्र में डेंगू की रोकथाम और अधिक प्रभावी हो सकती है।










