कोलकाता(सप्तर्षि सिंह): तृणमूल कांग्रेस के लंबे १५ वर्षों के शासन का अंत हो गया है। नए सरकार के मुख्यमंत्री के रूप में नंदीग्राम के भूमिपुत्र शुभेंदु अधिकारी को भारतीय जनता पार्टी ने घोषित किया है। पूर्व घोषणा के अनुसार उनके शपथ ग्रहण समारोह में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री उपस्थित रहे।
शनिवार सुबह ब्रिगेड मैदान क्षेत्र इस शपथ ग्रहण को लेकर बंगाली संस्कृति से सजा रहा। राज्यपाल सी वी आनंद बोस की उपस्थिति में शुभेंदु अधिकारी ने नवम मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी पूरा देश बना।
कार्यक्रम के दौरान एक अष्टाधिक आयु के वृद्ध मंच पर पहुंचे, जिन्हें देखते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं आगे बढ़े और उनका सम्मान किया। उन्होंने शिलिगुड़ी के माखनलाल सरकार को गले लगाया तथा उनके पैर छूकर प्रणाम किया। ९७ वर्षीय इस वृद्ध के सम्मान से ब्रिगेड मैदान भावविभोर हो उठा। राज्य भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि यह केवल एक वृद्ध का सम्मान नहीं, बल्कि बंगाल के राजनीतिक इतिहास के प्रति श्रद्धा है।
शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण में माखनलाल सरकार की उपस्थिति नए और पुराने पीढ़ी के बीच सेतु का प्रतीक बन गई।
इस दिन मंत्रिमंडल के पञ्चपाण्डवों ने भी शपथ ली। इनमें खड़गपुर सदर के दिलीप घोष, कोचबिहार के माथाभांगा के निशीथ प्रमाणिक, आसनसोल दक्षिण की अग्निमित्रा पाल, बांकुड़ा के रानीबांध के क्षुदिराम टुडू तथा बनगाँव उत्तर के अशोक कीर्तनिया शामिल हैं।
संगठन परिवार के प्रतिनिधि के रूप में दिलीप घोष को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है। मंत्रिमंडल में महिला चेहरा के रूप में अग्निमित्रा पाल ने शपथ ली।
मातुआ बहुल क्षेत्रों में मिले भारी समर्थन को ध्यान में रखते हुए बनगाँव उत्तर के अशोक कीर्तनिया को मंत्रिमंडल में स्थान मिला। वहीं पुरुलिया, झारग्राम, बांकुड़ा और पश्चिम मेदिनीपुर क्षेत्रों में कुर्मी समुदाय के प्रभाव को देखते हुए रानीबांध के क्षुदिराम टुडू को शामिल किया गया। उन्होंने शपथ सांताली भाषा में ली।
उत्तर बंगाल के प्रतिनिधि के रूप में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने भी शपथ ग्रहण की। जानकारी के अनुसार आगामी सोमवार को राजभवन में अन्य मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।










