इम्फाल: हिंसा प्रभावित मणिपुर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और सुरक्षा बलों ने उग्रवादियों, ड्रग तस्करों और सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में फेसबुक पर भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कर्फ्यू का उल्लंघन और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में १९ अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, ‘एल. अजीत सिंह’ नामक फेसबुक अकाउंट से ऐसी उत्तेजक सामग्री पोस्ट की जा रही थी, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने का खतरा था। इस मामले में पुलिस ने २९ वर्षीय लौरियम अजीतकुमार सिंह को गिरफ्तार किया है, जो वर्तमान में ल्याम्बोई खोंगनांगखोंग राहत शिविर में रह रहा था। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या हिंसा भड़काने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एक अन्य अभियान में पुलिस ने ग्रेटर इम्फाल क्षेत्र में १९ अप्रैल को कर्फ्यू का उल्लंघन करने, सड़कों पर यातायात बाधित करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में १९ लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में नोंगथोम्बम लोलिन मैतेई (३३), समुराइलातपम सिबानंद शर्मा (२८) और निंगथौखोंगजाम ऋषिकान्त मैतेई (२८) सहित अन्य युवक शामिल हैं।

पुलिस मुख्यालय ने जानकारी दी है कि संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसी बीच, राष्ट्रीय राजमार्ग-३७ पर आवश्यक वस्तुओं को ले जा रहे ३२९ वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई है। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।









