मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे पर पुणे के एक किसान ने उनकी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। किसान का दावा है कि मावल क्षेत्र की लगभग १.२ बीघा भूमि पर उनका पारिवारिक और वंशानुगत अधिकार है।
आरोप के अनुसार, किसान चंद्रकांत शिंदे का कहना है कि उक्त भूमि १९५७ से उनकी पैतृक संपत्ति है, लेकिन इसे अवैध रूप से सोनाली बेंद्रे और उनके पति गोल्डी बहल ने खरीद लिया। इसके अलावा आरोप है कि भूमि पर अवैध निर्माण का प्रयास किया गया और उनके परिवार को धमकियां भी दी गईं।
इस मामले में सोनाली बेंद्रे, उनके पति गोल्डी बहल और दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ अदालत में मामला दर्ज किया गया है। मामले की सुनवाई २० अप्रैल को होगी।
वहीं सोनाली बेंद्रे ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि किसी भी सरकारी दस्तावेज या खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड में उनका नाम नहीं है, इसलिए आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह आरोप केवल धन वसूली के उद्देश्य से लगाए गए हैं।
अभिनेत्री के वकील ने बताया कि किसान ने पहले भी कई बार विभिन्न सरकारी दफ्तरों में शिकायत की थी, लेकिन सभी याचिकाएं खारिज कर दी गईं। मामले की अगली सुनवाई अदालत में प्रतीक्षित है।









