मुंबई: बॉक्स ऑफिस पर नई फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की जबरदस्त सफलता का असर अभिनेता अक्षय कुमार की आगामी फिल्म ‘भूत बंगला’ की रिलीज़ पर पड़ा है। यह फिल्म पहले १० अप्रैल को रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर १६ अप्रैल कर दिया गया है।
वर्तमान में ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है। इसी कारण कई बड़ी फिल्मों की रिलीज़ तिथियों में बदलाव किया जा रहा है, जिसमें ‘भूत बंगला’ भी शामिल है।
निर्माता एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि वितरकों और प्रदर्शकों के अनुरोध के बाद फिल्म की रिलीज़ एक सप्ताह आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। उनके अनुसार इस बदलाव से दोनों फिल्मों को पर्याप्त स्क्रीन और प्रचार का अवसर मिलेगा, जिससे दर्शकों को भी लाभ होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि थिएटर मालिकों के अनुसार मौजूदा फिल्म को अधिक समय मिलने से पूरी फिल्म इंडस्ट्री को फायदा होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस निर्णय से सभी पक्ष लाभान्वित होंगे।
उल्लेखनीय है कि ‘भूत बंगला’ लगभग १७ वर्षों बाद अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी का पुनर्मिलन है। इससे पहले इस जोड़ी ने ‘हेरा फेरी’, ‘भूल भुलैया’, ‘दे दाना दन’, ‘भागम भाग’ और ‘गरम मसाला’ जैसी लोकप्रिय फिल्में दी हैं। यह हॉरर-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू, राजपाल यादव, जीशु सेनगुप्त और मिथिला पालकर भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।











