काेलकाता: भारत को वर्ष २०३६ के ओलंपिक के लिए तैयार करने और जमीनी स्तर से नई खेल प्रतिभाओं को तलाशने के उद्देश्य से देशभर में चलाए जा रहे ‘खेलो इंडिया युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम का आयोजन हावड़ा के उलूबेड़िया कॉलेज में भी किया जाएगा। इस विशेष राष्ट्रीय आयोजन के लिए देश के चुनिंदा ‘ए’ श्रेणी के प्रमुख स्थानों में उलूबेड़िया कॉलेज को शामिल किया गया है।
कॉलेज की प्राचार्या लिपिका मंडल के अनुसार देश के प्रत्येक जिले के दो कॉलेजों में यह ‘युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित होगा। महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देशभर के १६०० से अधिक स्थानों से ८ लाख से अधिक युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे।
खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने, आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रतिभावान युवाओं को तराशने के मुख्य उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान युवा खिलाड़ियों को मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं और सुझाव साझा करने का अवसर मिलेगा। यह पहल हावड़ा जिले के युवा एथलीटों के लिए एक बड़ा अवसर साबित होगी।









