हिमलुंग हिमाल में हिमस्खलन, दो शव बरामद, १४ लापता

da0693a3-d071-4d01-b0dd-e69ac34223ea

बिर्तामोड : नेपाल के मनांग जिले में ७,१२६ मीटर ऊंचे हिमलुंग हिमाल के बेस कैंप में हिमस्खलन से दो लोगों की मौत हो गई है। अभी भी १४ लोग लापता हैं।
नेपाल पुलिस ने रविवार को बताया कि हिमस्खलन में बेस कैंप में मौजूद पर्वतारोहण कंपनियों के गाइड और सहायक कर्मचारियों के कई टेंट दब गए। शरद ऋतु के पर्वतारोहण मौसम की शुरुआत से पहले रस्सियां लगाने, टेंट तैयार करने और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए वे बेस कैंप में ठहरे हुए थे।
पुलिस के अनुसार, हिमस्खलन में मारे गए दो लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। लापता लोगों की तलाश और बचाव अभियान अभी जारी है।
अभियान संचालित करने वाली कंपनी हिमालयन हॉलिडेज के महाप्रबंधक बरुण भंडारी ने बताया कि उनकी कंपनी के आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी लापता हैं। उनके अनुसार, बेस कैंप में कंपनी के 20 से अधिक कर्मचारियों की एक टीम मौजूद थी।
एक अन्य अभियान संचालक कंपनी इमेजिन नेपाल प्राइवेट लिमिटेड ने भी बताया कि उसके कुछ कर्मचारी हिमस्खलन से प्रभावित हुए हैं। हालांकि, कंपनी ने कितने कर्मचारी लापता या प्रभावित हुए हैं, इसकी विस्तृत जानकारी नहीं दी है।
मनांग में हिमस्खलन की यह घटना नेपाल-चीन सीमा क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के कुछ समय बाद हुई है। एक महीने पहले भोटेकोसी क्षेत्र में आई बाढ़ और भूस्खलन से बड़े पैमाने पर जनहानि और संपत्ति का नुकसान हुआ था।
प्रतिकूल मौसम को देखते हुए मनांग प्रशासन ने पहले ही २५से २७ सितंबर तक उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग या पदयात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया था। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश और हिमपात के पूर्वानुमान के बाद जिला सुरक्षा समिति के निर्णय के अनुसार यह प्रतिबंध लगाया गया था।
२४ सितंबर से नेपाल के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने के बाद स्थानीय प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने का आग्रह किया है।

About Author

Advertisement