कोलकाता: पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के बागनान में भाजपा कार्यकर्ता प्रशांत डे की बेरहमी से की गई हत्या के बाद राज्य में राजनीतिक तनाव गहरा गया है। शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री ने प्रशांत डे को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार को आश्वासन दिया कि मामले की जांच तेज गति से चल रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। परिजनों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का भी वादा किया है। मुलाकात के बाद प्रशांत डे के बेटे ने मीडिया को बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री से आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है।
इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दोहराया कि उनकी सरकार राजनीतिक हिंसा के मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम करती है, और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
दूसरी ओर, हावड़ा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस हत्याकांड के सिलसिले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना का मुख्य आरोपी, जो कथित तौर पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का नेता है, पुलिस की पकड़ से अब भी बाहर है।
गौरतलब है कि बीती १७ जून को संतोषपुर इलाके में भाजपा के बूथ उपाध्यक्ष प्रशांत डे पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसके बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इस हमले में तीन अन्य भाजपा कार्यकर्ता भी गंभीर रूप से घायल हुए थे।










