बार्सिलोना: स्पेनिश ला लीगा फुटबॉल प्रतियोगिता में एफसी बार्सिलोना चैंपियन बनने की दहलीज पर पहुंच गया है। शनिवार रात खेले गए मैच में गेटाफे को २-० से हराकर बार्सिलोना ने अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है। मैच में ७६ प्रतिशत बॉल पजेशन के साथ खेल रही विजेता टीम के लिए पहला गोल फर्मिन लोपेज ने पहले हाफ के स्टपेज टाइम में किया। इसके बाद ७४वें मिनट में मार्कस रासफोर्ड ने गोल कर बार्सिलोना की जीत सुनिश्चित कर दी। इस जीत के साथ बार्सिलोना ३३ मैचों में ८५ अंकों के साथ शीर्ष पर कायम है और अब वह दूसरे स्थान पर मौजूद रियल मैड्रिड से ११ अंक आगे है।
दूसरी ओर, एटलेटिको मैड्रिड ने लगातार हार के क्रम को तोड़ते हुए एथलेटिक क्लब के खिलाफ ३-२ से रोमांचक जीत हासिल की। हाफ टाइम तक १-० से पीछे रहने के बाद एटलेटिको ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी की। टीम की ओर से एलेक्जेंडर सरलोथ ने ५४वें मिनट और स्टपेज टाइम के तीसरे मिनट में दो महत्वपूर्ण गोल किए, जबकि एंटोनी ग्रीजमैन ने ४९वें मिनट में एक गोल किया। एथलेटिक क्लब के लिए एटोर परेडेस और गोर्का गुरुजेटा ने गोल किए लेकिन वे अपनी टीम की हार नहीं टाल सके। इस जीत के साथ एटलेटिको मैड्रिड ६० अंकों के साथ चौथे स्थान पर बना हुआ है। ला लीगा के अन्य मैचों में अलावेस और वालेंसिया ने अपने-अपने मुकाबले २-१ के अंतर से जीते।










