जयपुर: राजस्थान रॉयल्स के विस्फोटक ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल २०२६ में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए ३६वें मैच में रनों का तूफान खड़ा कर दिया। महज १५ साल के इस किशोर खिलाड़ी ने १०३ रनों की पारी खेलकर पुरुष टी-२० क्रिकेट में सबसे कम पारियों में ४ शतक जड़ने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वैभव ने केवल २६ पारियों में यह मुकाम हासिल किया, जबकि इससे पहले यह रिकॉर्ड उस्मान खान (३३ पारियां), साई सुदर्शन (७२ पारियां) और क्रिस गेल (७७ पारियां) के नाम दर्ज था।
वैभव ने शनिवार को अपनी पारी के दौरान केवल १५ गेंदों में अर्धशतक और ३६ गेंदों में शतक पूरा किया। उन्होंने कुल ३७ गेंदों का सामना किया, जिसमें १२ छक्के और ५ चौके शामिल थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट २७८.३७ का रहा। अपनी शतकीय पारी के साथ ही वैभव ने टी-२० करियर के १००० रन भी पूरे कर लिए। उन्होंने १००० रन के आंकड़े तक पहुंचने के लिए केवल ४७३ गेंदों का सामना किया, जो कि सबसे तेज है। इसके साथ ही वह ४० से कम गेंदों में दो शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं।











