स्टिंग वीडियो मामले में हुमायूँ कबीर कलकत्ता उच्च न्यायालय की शरण में

humayun-kabir-sting-video_3a615744bfecfc737b9774ed65f063a7

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले हुमायूँ कबीर के कथित स्टिंग वीडियो को लेकर राज्य की राजनीति में एक बार फिर तीखा विवाद शुरू हो गया है। अब इस वीडियो की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आम जनता उन्नयन पार्टी के संस्थापक हुमायूँ कबीर ने कलकत्ता उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है।
शुक्रवार को न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की पीठ में मामले को दर्ज किया गया। याचिकाकर्ता का आरोप है कि उनकी छवि को नुकसान पहुँचाने की साजिश के तहत यह वीडियो बनाकर प्रसारित किया गया है। उन्होंने अदालत से मामले की जांच के निर्देश देने की मांग की है। इस मामले की अगली सुनवाई २२ अप्रैल को होने की संभावना है।
उल्लेखनीय है कि ९ अप्रैल को हुमायूँ कबीर का एक कथित स्टिंग वीडियो सामने आया था। वीडियो में उन्हें एक भाजपा नेता के साथ बातचीत करते हुए सुना जा सकता है। कथित बातचीत में हुमायूँ कबीर को यह कहते हुए सुना गया कि वे किसी भी कीमत पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सत्ता से हटाना चाहते हैं।
वीडियो में यह भी दावा किया गया है कि उनकी पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेन्दु अधिकारी के साथ बातचीत हुई है और उन्हें दिल्ली ले जाकर केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात कराने की बात कही गई है। साथ ही प्रधानमंत्री कार्यालय और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी संपर्क का उल्लेख किया गया है।
कथित वीडियो में हुमायूँ कबीर को यह भी कहते सुना गया कि यदि मुस्लिम मतदाता ममता बनर्जी से दूर होते हैं, तो हिंदू मतदाता स्वतः ही भाजपा की ओर झुक जाएंगे। वीडियो सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। अब सभी की निगाहें अदालत की अगली सुनवाई पर टिकी हैं।

About Author

Advertisement