स्कॉटलैंड के खिलाफ मोरक्को की रोमांचक जीत

IMG-20260620-WA0044

बोस्टन: फीफा वर्ल्ड कप २०२६ में आखिरकार मोरक्को ने अपनी जीत का खाता खोल लिया है। शनिवार सुबह बोस्टन स्टेडियम में खेले गए ग्रुप सी के एक मुकाबले में मोरक्को ने स्कॉटलैंड को १-० से पराजित कर दिया। अपने पहले मैच में ब्राजील को १-१ की बराबरी पर रोकने वाले मोरक्को ने स्कॉटलैंड के खिलाफ भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखा।
​मैच में ६० प्रतिशत पजेशन के साथ खेलने वाले मोरक्को की शुरुआत असाधारण रही। ब्राहिम डियाज़ के सटीक पास पर इस्माइल साइबारी ने मैच के महज ६४वें सेकंड में ही टीम को बढ़त दिला दी। साइबारी के इस शक्तिशाली प्रहार को रोकने का स्कॉटिश गोलकीपर एंगस गन को कोई मौका नहीं मिला। यह फीफा वर्ल्ड कप २०२६ का अब तक का सबसे तेज गोल है। वैसे फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे तेज गोल का रिकॉर्ड तुर्की के फॉरवर्ड हाकान सुकुर के नाम है, जिन्होंने २९ जून २००२ को दक्षिण कोरिया के खिलाफ मात्र ११ सेकंड में गोल दागा था। साइबारी का आज का यह गोल वर्ल्ड कप में मोरक्को की ओर से भी सबसे तेज गोल है।
​शुरुआती बढ़त हासिल करने के बाद भी मोरक्को ने लगातार हमले जारी रखे। साइबारी दूसरे गोल के करीब भी पहुंच गए थे, लेकिन उनका शॉट बार से टकराकर वापस आ गया। इसके अलावा बिलाल एल खन्नूस और अशरफ हकीमी ने भी गोल करने के कई मौके बनाए। एक समय खन्नूस गोल करने के बेहद करीब थे, लेकिन विपक्षी गोलकीपर एंगस गन ने असाधारण बचाव किया।
​मैच के अंतिम १५ मिनटों में स्कॉटलैंड ने वापसी की भरपूर कोशिश की। जॉन मैक्गिन, बेन डोएक और स्कॉट मैकटॉमिने ने लगातार हमले किए, लेकिन मोरक्को की मजबूत रक्षापंक्ति (डिफेंस) के सामने उनकी एक न चली।
​इस गोल के साथ ही साइबारी ने एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है। वे वर्ल्ड कप के अपने पहले दो मैचों में गोल करने वाले महज दूसरे अफ्रीकी खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले मिस्र के स्टार फॉरवर्ड मोहम्मद सलाह ने २०१८ वर्ल्ड कप में लगातार दो मैचों में गोल किए थे। इस जीत के साथ मोरक्को २ मैचों में ४ अंकों के साथ ग्रुप सी में गोल अंतर के आधार पर ब्राजील के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गया है, जबकि स्कॉटलैंड ३ अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

About Author

Advertisement