सिएटल: सह-मेजबान अमेरिका ने लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए फीफा वर्ल्ड कप २०२६ के नॉकआउट चरण में प्रवेश कर लिया है। सिएटल स्टेडियम में शुक्रवार देर रात खेले गए ग्रुप डी के मुकाबले में घरेलू टीम अमेरिका ने ऑस्ट्रेलिया को २-० से पराजित कर राउंड ऑफ ३२ में अपनी जगह पक्की की। इस जीत के साथ ही अमेरिका का कम से कम तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ टीमों में शामिल होकर नॉकआउट चरण में पहुंचना तय हो गया है। ग्रुप डी के शीर्ष स्थान पर मौजूद अमेरिका के पास २ मैचों में ६ अंक हैं। इससे पहले अपने पहले मैच में अमेरिका ने पैराग्वे को शिकस्त दी थी। टूर्नामेंट में अपनी पहली हार के बाद ऑस्ट्रेलिया के पास २ मैचों में ३ अंक हैं, जबकि इस ग्रुप में पैराग्वे और तुर्की का खाता अभी तक खाली है। शनिवार सुबह पैराग्वे के खिलाफ मिली हार के साथ ही तुर्की की उम्मीदें समाप्त हो चुकी हैं।
अपने प्रमुख फॉरवर्ड क्रिश्चियन पुलिसिक के बिना खेल रही अमेरिकी टीम ने पूरे मैच में असाधारण प्रदर्शन किया। मैच में ६३ प्रतिशत पजेशन के साथ खेलने वाली अमेरिका को मुकाबले का पहला गोल उपहार के रूप में मिला। ११वें मिनट में ऑस्ट्रेलियाई डिफेंडर कैमरून बर्गेस ने आत्मघाती (ओन गोल) गोल कर अमेरिका को बढ़त दिला दी। अमेरिका के फोलारिन बालोगुन के क्रॉस को क्लियर करने के प्रयास में बर्गेस ने गेंद अपने ही नेट में डाल दी। इसके बाद ४३वें मिनट में एलेक्स फ्रीमैन ने गोल दागकर अमेरिका की बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके बाद दोनों टीमें कोई और गोल नहीं कर सकीं। ऑस्ट्रेलिया ने पहले हाफ की तुलना में दूसरे हाफ में बेहतर प्रदर्शन किया, लेकिन सटीक फिनिशिंग की कमी के कारण वे गोल करने में नाकाम रहे।









