सोमनाथ (गुजरात): प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को गुजरात स्थित ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर में ‘महापूजा’ और अन्य विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। यह आयोजन सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण और इसके लोकार्पण की ७५वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ के रूप में मनाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने मंदिर परिसर पहुंचने से पहले एक विशाल रोड शो किया। इसके बाद, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने भगवान शिव को समर्पित शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और विधिवत महापूजा संपन्न की। इस उत्सव के दौरान ‘कुंभाभिषेक’ भी आयोजित किया गया, जिसमें देश के विभिन्न पवित्र तीर्थ स्थलों से लाए गए जल को क्रेन की मदद से मंदिर के शिखर पर छिड़का गया।
महोत्सव की भव्यता बढ़ाते हुए भारतीय वायुसेना की ‘सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम’ ने मंदिर के ऊपर आकाश में हैरतअंगेज हवाई करतब दिखाए। विमानों ने स्वदेशी ‘स्मोक पॉड्स’ के माध्यम से केसरिया, सफेद और हरे रंग का धुआं छोड़कर आकाश में तिरंगे की सुंदर आकृति बनाई। प्रधानमंत्री के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भी इन हवाई प्रदर्शनों का अवलोकन किया। गौरतलब है कि सन १८५१ में भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने इस पुनर्निर्मित मंदिर का लोकार्पण किया था, जिसकी स्मृति में यह अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है।










