मुंबई: मुंबई इंडियंस ने आईपीएल २०२६ के मौजूदा सीजन के लिए न्यूजीलैंड के स्पिनर मिचेल सेंटनर की जगह दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी स्पिनर केशव महाराज को टीम में शामिल किया है। सेंटनर बाएं कंधे की चोट की वजह से टूर्नामेंट के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। मुंबई ने महाराज को ७५ लाख रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम के साथ जोड़ा है।
सेंटनर को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ घरेलू मैच के दौरान बाउंड्री पर कैच लपकने की कोशिश में चोट लगी थी। आईपीएल द्वारा जारी बयान के अनुसार, अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज अब मुंबई की जर्सी में नजर आएंगे। महाराज दक्षिण अफ्रीका के बेहतरीन स्पिनरों में से एक माने जाते हैं और उन्होंने साल २०२४ में राजस्थान रॉयल्स के लिए दो मैच खेले थे।
३६ वर्षीय महाराज के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का व्यापक अनुभव है। उन्होंने अब तक ६२ टेस्ट में २१८, ५६ वनडे में ७३ और ५४ टी-२० अंतरराष्ट्रीय मैचों में ५५ विकेट चटकाए हैं। वह दक्षिण अफ्रीकी टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। मुंबई इंडियंस को उम्मीद है कि महाराज की सटीक गेंदबाजी और नियंत्रण से टीम के स्पिन विभाग को मजबूती मिलेगी।










