सूर्यवंशी के तूफान से भारत ए सेमीफाइनल में, सबसे तेज शतक और दोहरे शतक का रिकॉर्ड

IMG-20261124-WA0077

दोहा: वैभव सूर्यवंशी के रिकॉर्डतोड़ विस्फोटक दोहरे शतक की बदौलत भारत ए ने एसीसी एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना ली। भारत ए ने मंगलवार को खेले गए ग्रुप बी के मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को आसानी से ७ विकेट से हरा दिया।
यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी मैदान पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई ने हरप्रीत सिंह (१३० रन) के शतक की मदद से ५० ओवर में ९ विकेट गंवाकर २४९ रन बनाए। इसके जवाब में भारत ए ने १५ वर्षीय सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत महज १४.२ ओवर में ३ विकेट पर २५४ रन बनाकर मैच जीत लिया।
भारत ए की इस एकतरफा जीत में सूर्यवंशी का उल्लेखनीय योगदान रहा। उन्होंने केवल ५३ गेंदों में २०४ रन बनाए। इस युवा बल्लेबाज ने अपनी दोहरे शतक वाली पारी में रिकॉर्ड २८ छक्के और ७ चौके लगाए।
रिंकू सिंह ने २७ रन का योगदान दिया। उन्होंने १९ गेंदों का सामना करते हुए २ चौके और २ छक्के लगाए। अभिषेक शर्मा ने १३, प्रभसिमरन सिंह ने ३ और कुमार कुशाग्र ने नाबाद १ रन बनाया।
भारत ने आज १७.७२ रन प्रति ओवर की रफ्तार से रन बनाते हुए २१४ गेंद शेष रहते मैच जीत लिया।
सूर्यवंशी ने अपनी रिकॉर्डतोड़ बल्लेबाजी के दौरान यूएई के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने मैदान पर छक्कों की बरसात करते हुए कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए। उन्होंने आज केवल छक्कों और चौकों की मदद से ही १९६ रन बनाए।
लिस्ट ए (५० ओवर के प्रारूप) क्रिकेट में इस साल केवल ११ गेंदों पर अर्धशतक बनाकर विश्व रिकॉर्ड कायम करने वाले सूर्यवंशी ने आज इस प्रारूप में सबसे तेज शतक, सबसे तेज १५० रन और सबसे तेज २०० रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने भारत ए की ओर से खेलते हुए श्रीलंका ए के खिलाफ ११ गेंदों में अर्धशतक बनाया था।
सूर्यवंशी ने आज २८ गेंदों में शतक पूरा कर जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने २९ गेंदों में शतक बनाया था। इसके बाद भारतीय बल्लेबाज ने अगली १०० रन केवल २४ गेंदों में बनाते हुए महज ५२ गेंदों में २०० रन पूरे कर लिए। इसके साथ ही उन्होंने लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक बनाने का चाड बोवेस का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने १०३ गेंदों में दोहरा शतक बनाया था।
इसके अलावा सूर्यवंशी ने केवल ४० गेंदों में १५० रन पूरे कर एक और रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने अपनी पारी में कुल २८ छक्के लगाए। लिस्ट ए क्रिकेट के इतिहास में किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक पारी में लगाए गए यह सर्वाधिक छक्के हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड डोर्शी शॉर्ट के नाम था, जिन्होंने २०१८ में क्वींसलैंड के खिलाफ २३ छक्के लगाए थे।
इस तरह सूर्यवंशी क्रिकेट की एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इससे पहले टी२० क्रिकेट में फिन एलन के नाम एक पारी में सर्वाधिक १९ छक्के लगाने का रिकॉर्ड था। वहीं, वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड इयोन मोर्गन के नाम था।
यूएई के खिलाफ मैच में भारत ए की पारी में कुल ३१ छक्के लगे। इससे पहले एक पारी में सर्वाधिक २६ छक्के लगाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम था, जिसे सूर्यवंशी ने अकेले ही पीछे छोड़ दिया।
इससे पहले यूएई ने खराब शुरुआत के बाद हरप्रीत के शतक की बदौलत सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। हरप्रीत ने १४४ गेंदों का सामना करते हुए १३० रन बनाए, जिसमें १२ चौके और ४ छक्के शामिल थे। इसके अलावा कप्तान बासिल हमीद ने नाबाद ३६, मुहम्मद शाहदाद ने २८ और एथन डिसूजा ने २५ रन का योगदान दिया।
भारत ए के गेंदबाजों में अरशद खान ने सर्वाधिक ४ विकेट लिए।

About Author

Advertisement