काहिरा: सूडान के उत्तरी दारफुर इलाके में एक दीवानी अदालत परिसर पर सेना द्वारा किए गए ड्रोन हमले में ३५ लोगों की मौत हो गई है। सूडान में मानवाधिकार उल्लंघनों का रिकॉर्ड रखने वाले स्वतंत्र समूह ‘इमरजेंसी लॉयर्स’ के अनुसार, सूडानी सेना के ड्रोन ने उत्तर दारफुर के अल-जविया गारा गांव स्थित दीवानी अदालत के मुख्यालय को निशाना बनाया, जो स्थानीय लोगों को महत्वपूर्ण न्यायिक और सामाजिक सेवाएं प्रदान कर रहा था।
‘इमरजेंसी लॉयर्स’ ने इस हमले की स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए कहा कि आम नागरिकों और असैन्य ठिकानों को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का गंभीर उल्लंघन है। सूडान में अर्धसैनिक बल ‘रैपिड सपोर्ट फोर्सेज’ (आरएसएफ) और सूडानी सेना के बीच अप्रैल २०२३ से जारी संघर्ष भीषण युद्ध में बदल चुका है। ‘आर्म्ड कॉन्फ्लिक्ट लोकेशन एंड इवेंट डेटा’ के मुताबिक, इस युद्ध में अब तक कम से कम ५९,००० लोगों की जान जा चुकी है।









