सीएसके के खिलाफ गुजरात टाइटन्स ८ विकेट से विजयी

IMG-20260426-WA0083

​चेन्नई: गुजरात टाइटन्स ने आईपीएल २०२६ के ३७वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को आसानी से ८ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ गुजरात टाइटन्स ८ मैचों में ८ अंकों के साथ आईपीएल अंक तालिका के पांचवें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि छठे स्थान पर मौजूद सीएसके के पास ६ अंक हैं। एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच बार की चैंपियन सीएसके ने २० ओवर में ७ विकेट खोकर १५८ रन बनाए। इसके जवाब में गुजरात टाइटन्स ने २० गेंद शेष रहते हुए २ विकेट पर १६२ रन बनाकर मैच जीत लिया।
​लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम को साई सुदर्शन और शुभमन गिल की ओपनिंग जोड़ी ने ठोस शुरुआत दिलाई। इन दोनों ने पहले विकेट के लिए ३८ गेंदों में ५८ रनों की साझेदारी की। कप्तान गिल ३ छक्कों और १ चौके के साथ २३ गेंदों में ३३ रन बनाकर आउट हुए। पहले विकेट के गिरने के बाद सुदर्शन ने अनुभवी जोस बटलर के साथ दूसरे विकेट के लिए ९७ रनों की साझेदारी कर टीम की जीत सुनिश्चित की। सुदर्शन ८७ रन बनाकर आउट हुए, उन्होंने ४६ गेंदों का सामना करते हुए ७ छक्के और ४ चौके लगाए। बटलर ने ३० गेंदों में ४ चौकों और १ छक्के की मदद से नाबाद ३९ रन बनाए।
​इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके के लिए कप्तान रुतुराज को छोड़कर बाकी सभी बल्लेबाजों ने निराश किया। केवल ३७ रन पर ४ विकेट खोने के बाद टीम उबर नहीं सकी। रुतुराज ने नाबाद ७४ रन बनाकर टीम को संभाला, उन्होंने ६० गेंदों की अपनी पारी में ६ चौके और 4 छक्के लगाए। संजू सैमसन ११, उर्विल पटेल ४ और डेवाल्ड ब्रेविस २ रन बनाकर आउट हुए, जबकि सरफराज खान खाता भी नहीं खोल सके। इसके अलावा शिवम दुबे ने ३ चौकों और १ छक्के के साथ १७ गेंदों में २२ रन बनाए। जेमी ओवरटन ने १८ और कार्तिक शर्मा ने १५ रनों का योगदान दिया। गुजरात टाइटन्स के गेंदबाजों में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे कगिसो रबाडा ने 3 विकेट लिए।

About Author

Advertisement