सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा सिलीगुड़ी के कावाखाली मैदान में आयोजित ‘नए आपराधिक कानून प्रदर्शनी’ के तहत आम जनता और विद्यार्थियों के लिए कई तरह की प्रतियोगिताओं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। जन जागरूकता बढ़ाने और रचनात्मक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू हुई यह प्रदर्शनी २६ अगस्त तक चलेगी।
इस आयोजन के दौरान २३ से २५ अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर १२:३० से १:३० बजे तक हैंगर-२ में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जिसमें कक्षा ९ से ऊपर के स्कूल और कॉलेज के छात्र महिला सुरक्षा, मॉडल पुलिस थाना और न्याय प्रणाली जैसे विषयों पर अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं इन्हीं तारीखों में अपराह्न ३:०० से ४:३० बजे तक हैंगर-२ में ही निबंध लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता में सभी आयु वर्ग के विद्यार्थी साइबर अपराध, पुलिस व्यवस्था में सुधार और नशाखोरी जैसे गंभीर विषयों पर हिंदी, बंगाली या अंग्रेजी भाषा में अधिकतम १,००० शब्दों का निबंध लिख सकते हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत मुख्य मंच पर प्रतिदिन अपराह्न ५:०० से ६:०० बजे तक नए आपराधिक कानूनों पर आधारित नाटकों का मंचन किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और नाट्य मंडलियों को अधिकतम २० मिनट की प्रस्तुति देने का अवसर दिया गया है। इसके अलावा प्रदर्शनी में आने वाले सभी आगंतुकों के लिए १० प्रश्नों की एक विशेष क्विज प्रतियोगिता भी रखी गई है, जिसमें हिंदी, बंगाली और अंग्रेजी भाषा में कोई भी व्यक्ति भाग ले सकता है।











