सिलीगुड़ी में ‘ट्रैफिक मार्शल’ सेवा की शुरुआत

FB_IMG_1783269462582

पर्यटकों के लिए २४ घंटाें हेल्पलाइन नंबर ९८००२४२४२६ शुरू

सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी महानगरीय पुलिस के ट्रैफिक विभाग ने रविवार को पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र में अत्याधुनिक ‘ट्रैफिक मार्शल सेवा’ की शुरुआत की है। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने, यातायात प्रबंधन में सुधार करने और आपातकालीन स्थिति में पर्यटकों को त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए २४×७ पर्यटक हेल्पलाइन भी जारी की गई है।
​इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर और आसपास के इलाकों में यातायात को सुचारू बनाना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, पुलिस की त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना और पर्यटकों की सुरक्षा को मजबूत करना है।
​योजना के शुभारंभ के अवसर पर मल्लागुड़ी स्थित मैनाक टूरिस्ट लॉज में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ५ ट्रैफिक मार्शल मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। राज्य के पर्यटन मंत्री डा. शंकर घोष ने पुलिस आयुक्त सैयद वकार रज़ा और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में इन मोटरसाइकिलों का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन मंत्री डा. शंकर घोष ने कहा कि सिलीगुड़ी में हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष सहायता तंत्र प्रदान करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नई २४ घंटे चालू रहने वाली पर्यटक हेल्पलाइन आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता सुनिश्चित करेगी। शिकायत मिलने पर तुरंत संबंधित थाने को कार्रवाई के लिए सूचना भेजी जाएगी।
​पुलिस आयुक्त सैयद वकार रज़ा ने कहा कि विभाग का ध्यान त्वरित, आधुनिक और तकनीक आधारित सेवाएं प्रदान करने पर केंद्रित है। ट्रैफिक मार्शल सेवा से न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या से अधिक प्रभावी ढंग से निपटा जा सकेगा, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य भी तेजी से शुरू किया जा सकेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि पर्यटक हेल्पलाइन इस क्षेत्र में आने वाले यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करेगी।

About Author

Advertisement