सिलीगुड़ी पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर कन्या में होगी उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक

FB_IMG_1784320955870

सिलीगुड़ी: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार रात सिलीगुड़ी पहुंच गए हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा और सीमा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए हो रहे इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर प्रशासनिक सचिवालय ‘उत्तर कन्या’ में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। गृह मंत्री के आगमन से पहले उत्तर कन्या भवन के नीले और सफेद हिस्सों को बदलकर पीला रंग दिया गया है।

​तय कार्यक्रम के अनुसार, गृह मंत्री शाह शुक्रवार रात बागडोगरा हवाई अड्डे पर उतरे, जहां से वे सीधे कदमतला स्थित सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के फ्रंटियर मुख्यालय के लिए रवाना हुए। उन्होंने शुक्रवार की रात बीएसएफ मुख्यालय में ही विश्राम किया।
​शनिवार सुबह गृह मंत्री शाह भारत-बांग्लादेश सीमा का दौरा करेंगे। वे बीएसएफ की सीमा चौकी (बीओपी) नंबर १८ जुमागाछ क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे, जहां वे वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे और कई नई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे।

​इसके बाद, शनिवार दोपहर २:०० बजे से उत्तर कन्या में एक उच्च स्तरीय प्रशासनिक और सुरक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता स्वयं गृह मंत्री करेंगे। इस बैठक में उत्तर बंगाल की सुरक्षा स्थिति, सीमा प्रबंधन और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा होगी। गृह मंत्री के दौरे के मद्देनजर उत्तर कन्या परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शनिवार रात को अपने सभी कार्यक्रम पूरे करने के बाद शाह कोलकाता के लिए रवाना होंगे।

About Author

Advertisement