मुख्यमंत्री ने दिए जांच के निर्देश
फूलबाड़ी: उत्तरकन्या में मुख्यमंत्री सुवेन्दु अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित प्रशासनिक बैठक में सिलीगुड़ी नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर जनप्रतिनिधियों ने गंभीर चिंता व्यक्त की। बैठक के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट तथा सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने बताया कि मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री ने नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल को निर्देश दिए हैं।
उत्तर बंगाल की प्रशासनिक संरचना, विकास परियोजनाओं तथा शासन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर उत्तरकन्या में उच्चस्तरीय प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद सांसद और विधायक ने पत्रकारों को कई महत्वपूर्ण निर्णयों और घोषणाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आगामी जून माह से पूरे राज्य में “विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी ग्रामीण अभियान” के अंतर्गत एक सौ पच्चीस दिनों की रोजगार योजना प्रारंभ की जाएगी। इसके साथ ही जून माह से सरकारी बसों में महिलाओं के लिए किराया माफ करने की घोषणा भी की गई है।
राजू बिष्ट और शंकर घोष ने आरोप लगाया कि सिलीगुड़ी नगर निगम में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार की कई शिकायतें सामने आई हैं और शीघ्र ही जांच प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिन नगर निगमों में अभी तक चुनाव नहीं हुए हैं, वहाँ वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद मतदान कराए जाने की संभावना है।
बैठक में चाय बागान क्षेत्रों के विकास पर भी विस्तृत चर्चा की गई। चाय संबंधी विकास परियोजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए असम मॉडल अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
सांसद और विधायक ने बताया कि उत्तर बंगाल के विकास कार्यों की नियमित समीक्षा के लिए अब प्रत्येक माह इस प्रकार की प्रशासनिक बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।










