सिलीगुड़ी: शहर की वर्षों पुरानी पार्किंग की समस्या और आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए सिलीगुड़ी नगर निगम (एसएमसी) और सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने एक बड़ी पहल की है। मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने कंचनजंघा स्टेडियम के मेला मैदान का संयुक्त निरीक्षण किया।
एसएमसी कमिश्नर बीर बिक्रम राय ने इस मैदान को एक समर्पित (डेडिकेटेड) पार्किंग जोन के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को टटोला। इस निरीक्षण के दौरान डीसीपी (ट्रैफिक) क्वाजी समसुद्दीन अहमद, निगम और पुलिस के आला अधिकारी तथा सिलीगुड़ी के व्यापारिक वर्ग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने पूरे मैदान का मुआयना किया और चर्चा की कि यहां अधिकतम वाहनों को पार्क करने के लिए किस तरह का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाए। साथ ही, वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए एंट्री और एक्जिट पॉइंट कहां बनाए जाएं, इस पर भी खाका खींचा गया।
निरीक्षण के बाद कमिश्नर बीर बिक्रम राय ने कहा कि कंचनजंघा स्टेडियम के मेला मैदान में एक बड़ा पार्किंग स्पेस विकसित करने की पूरी क्षमता है। इस प्रोजेक्ट के लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर और बजटीय आवंटन को लेकर बातचीत चल रही है।
व्यापारी समुदाय के प्रतिनिधि राजू साहा ने इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि सिलीगुड़ी में पार्किंग की कमी एक गंभीर समस्या बन चुकी है। निर्धारित पार्किंग स्थल न होने के कारण गाड़ियां सड़कों के किनारे खड़ी कर दी जाती हैं, जिससे रोजाना ट्रैफिक जाम होता है और ग्राहकों व दुकानदारों दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।










