सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा के लिए ‘त्रिकोणीय सुरक्षा ग्रिड’ की घोषणा, गृह मंत्री अमित शाह का बड़ा बयान

union-home-minister-amit-shah-announces-triangular-security-grid-to-protect-siliguri-corridor

​नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रणनीतिक रूप से अत्यंत संवेदनशील माने जाने वाले सिलीगुड़ी कॉरिडोर (चिकन नेक) की सुरक्षा के लिए एक विशेष ‘त्रिकोणीय सुरक्षा ग्रिड’ (ट्रायंगुलर सिक्योरिटी ग्रिड) बनाने की घोषणा की है। उत्तर बंगाल स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के नॉर्थ बंगाल फ्रंटियर हेडक्वार्टर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने असम के धुबरी, बिहार के किशनगंज और पश्चिम बंगाल के चोपड़ा को जोड़कर तीन नए मिलिट्री गैरीसन (सैन्य छावनी) स्थापित करने की जानकारी दी।
​सिलीगुड़ी कॉरिडोर भारत के आठ उत्तर-पूर्वी राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है, इसलिए राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से यह क्षेत्र बेहद महत्वपूर्ण है। यह नया सुरक्षा ग्रिड क्षेत्र में सैन्य उपस्थिति, निरंतर निगरानी और प्रशासनिक नियंत्रण को और अधिक मजबूत करेगा। कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री शाह ने लगभग १८९ करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न प्रशासनिक और आवासीय परियोजनाओं का आधारशिला रखी और उद्घाटन भी किया।
​वर्ष १९६५ में गठित एसएसबी भारत-नेपाल और भारत-भूटान सीमाओं की सुरक्षा जिम्मेदारी कुशलतापूर्वक संभाल रही है। गृह मंत्री ने बताया कि इस संवेदनशील इलाके की सुरक्षा तैयारियों को परखने और सैन्य क्षमता बनाए रखने के लिए ‘तीस्ता प्रहार’ जैसी सैन्य कवायदें जारी हैं। यह नया सुरक्षा तंत्र सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने और भारत की अखंडता को सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभाएगा।

About Author

Advertisement