सिलीगुड़ी के दार्जिलिंग मोड़ पर नए ‘रोड ओवर ब्रिज’ का हुआ उद्घाटन

FB_IMG_1789924396498

ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

​सिलीगुड़ी: दार्जिलिंग मोड़ पर लंबे समय से जारी यातायात की समस्या को दूर करने के लिए नवनिर्मित रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का एक हिस्सा रविवार को जनता के लिए खोल दिया गया। क्षेत्रीय सांसद राजू बिस्ट और पश्चिम बंगाल के लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) मंत्री अजय कुमार पोद्दार की उपस्थिति में निरीक्षण के बाद इस नए आरओबी पर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई।
​इस नए आरओबी के शुरू होने से दार्जिलिंग मोड़ क्षेत्र में वाहनों का आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। निर्माण कार्य के दौरान पुरानी पुलिया को हटाने और सड़क संकरी होने के कारण पिछले कई महीनों से यात्रियों को भारी ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा था।

गौरतलब है कि दार्जिलिंग के सांसद राजू बिस्ट की पहल पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने वर्ष २०२२ में बालासन से सेवक आर्मी कैंप तक लगभग १,१०० करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली चार लेन की एलिवेटेड रोड परियोजना की आधारशिला रखी थी। उसी परियोजना के तहत इस नए आरओबी का निर्माण किया गया है।
​निर्माण के दौरान यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए सांसद बिस्ट ने पिछले सप्ताह स्थल का निरीक्षण कर जल्द ही पुल का एक हिस्सा खोलने का आश्वासन दिया था। सांसद बिस्ट ने बताया कि चार लेन की इस एलिवेटेड रोड परियोजना को मार्च २०२७ तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके बाद पूरी सड़क जनता को समर्पित कर दी जाएगी। उन्होंने सिलीगुड़ी में रिंग रोड सहित अन्य विकास कार्यों को शुरू करने की बात भी कही। वहीं पीडब्ल्यूडी मंत्री अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि तय समयसीमा के भीतर सभी विकास कार्यों को पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

About Author

Advertisement