मंत्री डा. शंकर घोष ने किया निरीक्षण, दी सख्त चेतावनी
सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी के कोर्ट मोड़ इलाके में कुछ व्यक्तियों द्वारा ई-रिक्शा (टोटो) चालकों से अवैध रूप से पैसे वसूलने का गंभीर आरोप सामने आया है। पिछले कुछ दिनों से मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए बुधवार को सिलीगुड़ी के विधायक और पर्यटन मंत्री डा. शंकर घोष ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
मंत्री डा. घोष ने मौके पर टोटो चालकों से बातचीत की और अवैध वसूली में शामिल लोगों को तुरंत ऐसी गतिविधियां बंद करने की सख्त चेतावनी दी। उन्होंने चालकों को निर्देश दिया कि वे किसी भी अनधिकृत वसूली का भुगतान न करें। इसके साथ ही, मंत्री ने कोर्ट मोड़ पर लंबे समय से जारी ट्रैफिक जाम की समस्या का भी निरीक्षण किया। सड़क पर गाड़ियां खड़ी करके बनाए गए अवैध स्टैंड के कारण इस व्यस्त चौराहे पर रोज जाम की स्थिति बनती है। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि यदि अवैध वसूली बंद नहीं हुई तो इस अस्थायी स्टैंड को हटा दिया जाएगा। साथ ही, उन्होंने ट्रैफिक पुलिस को स्थिति पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।









