गंगटोक: सिक्किम में आगामी ४९वीं योनेक्स-सनराइज अंतरराज्यीय एवं अंतरक्षेत्रीय राष्ट्रीय जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप २०२६ का आयोजन किया जाएगा। इसी सिलसिले में सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग-गोले ने अपने आधिकारिक आवास पर सिक्किम बैडमिंटन संघ के कार्यकारी सदस्यों के साथ मुलाकात की।
इस मुलाकात के दौरान प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की तैयारियों और इसके भव्य आयोजन को सफल बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री तमांग ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की इस खेल प्रतियोगिता की मेजबानी करना राज्य के लिए बड़े गौरव की बात है।
देशभर के २८ राज्यों और ५ केंद्रशासित प्रदेशों सहित कुल ३८ टीमों की भागीदारी वाली इस प्रतियोगिता से सिक्किम की खेल प्रतिभाओं और संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। साथ ही, युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बड़ा राष्ट्रीय मंच भी उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता की सफलता की कामना करते हुए सिक्किम बैडमिंटन संघ और आयोजन की तैयारियों में जुटे सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं।





