प्रगति सत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने की ७८ हजार करोड़ के प्रोजेक्ट्स की समीक्षा
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘प्रगति’ सत्र के दौरान ७८,००० करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। बुधवार को ‘सेवा तीर्थ’ में प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में संपन्न प्रगति की ५५वीं बैठक में सड़क, रेलवे, बिजली और कोयला क्षेत्र से जुड़े प्रमुख प्रोजेक्ट्स की प्रगति पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में भारत के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) इकोसिस्टम और ‘पीएम-सेतु’ योजना के क्रियान्वयन की भी विस्तृत समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि कौशल विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। केंद्र और राज्य सरकारों को एक साथ लाने वाले आईसीटी-आधारित बहुआयामी प्लेटफॉर्म ‘प्रगति’ का उद्देश्य सक्रिय शासन को बढ़ावा देना और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं को दूर करना है।
देरी से बढ़ती है लागत, टलते हैं आर्थिक लाभ
प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में होने वाली देरी से न केवल लागत बढ़ती है, बल्कि नागरिकों, व्यवसायों और अर्थव्यवस्था को मिलने वाले लाभ भी टल जाते हैं। उन्होंने संबंधित मंत्रालयों और राज्य सरकारों से स्पष्ट जिम्मेदारी तय करते हुए व्यावहारिक समय-सीमा के भीतर लंबित मुद्दों का समाधान करने का आग्रह किया।
गुणवत्ता और सम्मानजनक पुनर्वास के निर्देश
परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के साथ-साथ निर्माण की गुणवत्ता के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी प्रधानमंत्री ने विशेष बल दिया। सड़क परियोजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने खर्च की गई राशि के बजाय परिणामों पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया। वहीं, कोयला परियोजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि परियोजना को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के साथ ही प्रभावितों के विस्थापन और पुनर्वास का कार्य भी समय पर और सम्मानजनक तरीके से किया जाए।





